राजगढ़ : सेमलिया के मजरा रामपुरा में एक 13 साल की लड़की ने बच्चे को जन्म दिया है। जानकारी के अनुसार 10 महीने पहले एक 13 साल के एक नाबालिग ने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया था। घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देने पर सहमी लड़की ने इस बारे में किसी को नहीं बताया। 10 जुलाई को किशोरी को पेट में दर्द होने पर परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए जहां उसने बच्ची को जन्म दिया।
किशोरी सेमलिया की रहने वाली है और छठी कक्षा में पड़ती है। 10 महीने पहले उसके माता पिता रोजगार के लिए गुजरात गए थे। लड़की अपने दो छोटे भाइयों के साथ घर पर थी। एक दिन तबीयत खराब होने के चलते वह स्कूल नहीं गई जबकि उसके दोनों छोटे भाई स्कूल चले गए थे, तभी किशोरी को घर में अकेला देख एक नाबालिग ने उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके चलते 10 माह तक किशोरी ने किसी से कुछ नहीं कहा। तीन-चार दिन पूर्व पेट में दर्द होने पर परिजन किशोरी को जिला अस्पताल ले गए। जहां उसने बच्ची को जन्म दिया। इसके बाद स्थानीय थाने पर किशोरी ने परिजनों के साथ पहुंचकर सेमलिया निवासी आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने आरोपी को पकड़कर मेडिकल के लिए अस्पताल भेजा और जांच शुरू कर दी है।