NEET UG 2027: मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET UG को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। NTA के महानिदेशक अभिषेक सिंह ने संकेत दिए हैं कि NEET UG को जल्द ही पेन-पेपर मोड से हटाकर CBT यानी कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट में बदला जा सकता है। हालांकि, इस बदलाव की अभी अंतिम आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
NTA के महानिदेशक ने कहा कि NEET को छोड़कर JEE Main, UGC NET, CUET और NIFT जैसे कई प्रमुख एग्जाम पहले से CBT मोड में हो रहे हैं। ऐसे में NEET को भी कंप्यूटर आधारित करना अगला बड़ा कदम हो सकता है।
बदलाव की तैयारी क्यों?
NEET परीक्षा में पहले सामने आई कथित गड़बड़ियों के बाद परीक्षा व्यवस्था की सुरक्षा और पारदर्शिता पर काफी जोर दिया जा रहा है। इसके लिए नंदन नीलेकणि की अगुवाई में हाई-पावर्ड टास्क फोर्स भी परीक्षा प्रणाली में सुधार पर काम कर रही है। CBT लागू करने के लिए देशभर में परीक्षा केंद्रों का इंफ्रास्ट्रक्चर बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की जरूरत होगी।
AI से रोका जाएगा परीक्षा में फ्रॉड?
NTA अब सिर्फ कंप्यूटर आधारित परीक्षा तक सीमित नहीं रहना चाहता। परीक्षा में फ्रॉड रोकने, लॉग्स, डेटा और एनालिटिक्स के लिए AI के इस्तेमाल पर भी विचार किया जा रहा है। इसका मकसद परीक्षा को ज्यादा सुरक्षित, निष्पक्ष और पारदर्शी बनाना है।
NTA का अगला बड़ा टारगेट
NTA के मुताबिक, पहले भारत में परीक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। इसके बाद एजेंसी क्रॉस-बॉर्डर यानी अंतरराष्ट्रीय परीक्षाएं आयोजित कराने की दिशा में आगे बढ़ सकती है। BRICS देशों के साथ परीक्षा तकनीक और क्वेश्चन पेपर सुरक्षा को लेकर सहयोग की संभावनाएं भी तलाशी जा रही हैं।
यानी आने वाले समय में NEET सिर्फ कंप्यूटर आधारित ही नहीं, बल्कि AI और नई तकनीक से लैस परीक्षा प्रणाली का हिस्सा बन सकता है। फिलहाल छात्रों को CBT को लेकर NTA की आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना चाहिए।

