Agniveer Exit Plan: अग्निवीरों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। केंद्र सरकार चार साल की सेवा पूरी होने से पहले ही अग्निवीरों के अगले रोजगार का रास्ता साफ करने की तैयारी में है। रक्षा मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक, इसके लिए ‘एग्जिट प्लान’ तैयार किया जा रहा है।
25% को सेना में मिलेगी स्थायी जगह
अग्निपथ योजना के तहत चार साल की सेवा पूरी करने वाले अग्निवीरों में से 25 प्रतिशत को सेना के नियमित कैडर में शामिल किया जाएगा। खास बात यह है कि अब इनकी मेरिट लिस्ट सेवा अवधि खत्म होने से पहले ही जारी करने की तैयारी है।
इसके लिए आंतरिक परीक्षा और मेरिट के आधार पर चयन प्रक्रिया पूरी की जाएगी। यानी चयनित अग्निवीरों को चार साल पूरे होने के बाद दोबारा नियुक्ति का इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
75% अग्निवीरों के लिए भी नौकरी का रास्ता
बाकी 75 प्रतिशत अग्निवीर सेवामुक्त होंगे। इनके लिए केंद्र सरकार अर्धसैनिक बलों, पुलिस और दूसरे सरकारी विभागों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की तैयारी कर रही है। गृह मंत्रालय के विशेष पोर्टल के जरिए नियुक्ति प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की योजना बताई गई है।
जनवरी 2027 में पहला बड़ा बैच होगा बाहर
अग्निपथ योजना के तहत सेना में भर्ती हुआ पहला बड़ा बैच जनवरी 2027 में चार साल की सेवा पूरी करेगा। इसमें 19 हजार से अधिक अग्निवीर शामिल बताए जा रहे हैं। ऐसे में सरकार का प्रस्तावित एग्जिट प्लान काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
BSF से रेलवे तक रोजगार के मौके
पूर्व अग्निवीरों के लिए BSF, CRPF, CISF, ITBP और असम राइफल्स जैसे सुरक्षा बलों में आरक्षण का प्रावधान किया गया है। वहीं रेलवे में भी पूर्व अग्निवीरों के लिए विभिन्न श्रेणियों के पदों पर क्षैतिज आरक्षण की व्यवस्था बताई गई है।
यानी सरकार की योजना का फोकस सिर्फ 25% अग्निवीरों को सेना में रखने पर नहीं, बल्कि बाकी अग्निवीरों के लिए भी सेवा के बाद रोजगार के विकल्प तैयार करने पर है। हालांकि अंतिम नियम और प्रक्रिया संबंधित सरकारी अधिसूचना से ही पूरी तरह स्पष्ट होगी।

