PSSSB Recruitment 2026: सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। पंजाब अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड (PSSSB) ने पांच विभागों में ग्रुप-बी के 10 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। खास बात यह है कि चयनित उम्मीदवारों को 35,400 रुपये से शुरुआती वेतन मिलेगा। ऑनलाइन आवेदन 1 अक्टूबर 2026 से शुरू होंगे और आवेदन की अंतिम तारीख 22 अक्टूबर निर्धारित की गई है।
इस भर्ती में हेड ड्राफ्ट्समैन, लीगल ऑफिसर, लीगल असिस्टेंट और अकाउंटेंट के पद शामिल हैं। अकाउंटेंट के सबसे ज्यादा 5 पद हैं, जबकि अन्य पदों पर भी नियुक्तियां की जाएंगी।
कौन कर सकता है आवेदन?
पदों के अनुसार उम्मीदवारों के पास सिविल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा, कानून की डिग्री या कॉमर्स में ग्रेजुएशन जैसी निर्धारित योग्यताएं होनी चाहिए। कुछ कानूनी पदों के लिए बार में 2 से 3 साल का अनुभव भी अनिवार्य है।
कितनी है आयु सीमा?
सामान्य वर्ग के लिए अधिकतम आयु 37 वर्ष है। पात्र महिलाओं को 40 वर्ष, पंजाब के एससी उम्मीदवारों को 42 वर्ष और सरकारी कर्मचारियों को 45 वर्ष तक की छूट मिल सकती है।
कैसे होगा चयन?
उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा, दस्तावेज सत्यापन और काउंसलिंग के आधार पर किया जाएगा। परीक्षा में गलत उत्तर देने पर ¼ अंक की नेगेटिव मार्किंग होगी।
ऐसे करें आवेदन
इच्छुक उम्मीदवार 1 अक्टूबर से PSSSB की आधिकारिक वेबसाइट sssb.punjab.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन की अंतिम तारीख 22 अक्टूबर 2026 है। परीक्षा और एडमिट कार्ड की तारीख बाद में जारी की जाएगी।

