Maharashtra Police Recruitment 2027: महाराष्ट्र पुलिस में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। राज्य में करीब 8,100 पुलिस पदों पर भर्ती की तैयारी की जा रही है। खास बात यह है कि इसमें जून 2027 तक खाली होने वाले पदों को भी शामिल किया जा सकता है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक गृह विभाग ने पुलिस विभाग से संभावित रिक्तियों का ब्योरा मांगा है। अलग-अलग जिलों और पुलिस यूनिट से जानकारी मिलने के बाद भर्ती का अंतिम खाका तैयार किया जाएगा।
दिसंबर में शुरू हो सकता है आवेदन
प्रस्तावित भर्ती को लेकर सामने आई जानकारी के अनुसार आवेदन प्रक्रिया 1 दिसंबर 2026 से 31 दिसंबर 2026 तक शुरू हो सकती है। इसके बाद भर्ती प्रक्रिया को जनवरी से मार्च 2027 के बीच आगे बढ़ाए जाने की संभावना है।
हालांकि, अभी ये तारीखें संभावित हैं। आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी होने के बाद ही आवेदन की सही तारीख और अन्य नियम स्पष्ट होंगे।
सोलापुर में 117 पद संभावित
रिपोर्ट के अनुसार सोलापुर जिले में करीब 117 पुलिस पद इस भर्ती में शामिल हो सकते हैं। बाकी जिलों में कितने पद होंगे, इसका पूरा विवरण अभी सामने नहीं आया है।
युवाओं के लिए बड़ा मौका
जो अभ्यर्थी मौजूदा पुलिस भर्ती में चयनित नहीं हो पाए हैं, उनके लिए यह अगली भर्ती एक बड़ा मौका हो सकती है। उम्मीदवार अभी से लिखित परीक्षा, फिजिकल टेस्ट और जरूरी दस्तावेजों की तैयारी शुरू कर सकते हैं।

