Rajasthan CET 2026: राजस्थान में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए बड़ी अपडेट है। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSSB) ने संशोधित परीक्षा कैलेंडर जारी कर CET सीनियर सेकेंडरी और ग्रेजुएशन लेवल परीक्षा की नई तारीखें घोषित कर दी हैं।
CET सीनियर सेकेंडरी परीक्षा दिसंबर में
CET सीनियर सेकेंडरी लेवल परीक्षा 1 से 3 दिसंबर 2026 तक आयोजित होगी। परीक्षा रोजाना दो शिफ्टों में होने की जानकारी दी गई है। 12वीं पास अभ्यर्थियों के लिए यह परीक्षा कई सरकारी भर्तियों में पात्रता का महत्वपूर्ण आधार है।
CET ग्रेजुएशन लेवल की तारीख भी तय
ग्रेजुएशन लेवल CET परीक्षा 16, 17 और 18 जनवरी 2027 को होगी। 16 और 17 जनवरी को दो-दो शिफ्ट, जबकि 18 जनवरी को सुबह की एक शिफ्ट में परीक्षा आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा के जरिए पटवारी, जूनियर अकाउंटेंट, प्लाटून कमांडर, डिप्टी जेलर, हॉस्टल सुपरिटेंडेंट ग्रेड-II समेत कई पदों की भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर मिलेगा। CET स्कोरकार्ड की वैधता परिणाम जारी होने की तारीख से 3 वर्ष बताई गई है।
इन भर्तियों की तारीख भी सामने
RSSB कैलेंडर में अन्य परीक्षाओं की संभावित तारीखें भी दी गई हैं। टीचिंग एसोसिएट भर्ती 17 नवंबर से 21 दिसंबर 2026 के बीच, लैबोरेट्री अटेंडेंट परीक्षा 25 जनवरी 2027 और जूनियर इंजीनियर भर्ती परीक्षा 3 से 5 फरवरी 2027 के बीच आयोजित होगी।
तारीखों में बदलाव संभव
बोर्ड ने इन तारीखों को संभावित बताया है। जरूरत पड़ने पर परीक्षा कार्यक्रम में बदलाव किया जा सकता है। इसलिए अभ्यर्थी RSSB की आधिकारिक वेबसाइट पर आने वाले नोटिफिकेशन पर नजर रखें और नई तारीखों के हिसाब से अपनी तैयारी तेज कर दें।

