Railway Apprentice Recruitment 2026: रेलवे में अप्रेंटिस बनने का इंतजार कर रहे 10वीं पास युवाओं के लिए बड़ी खबर है। नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे (NWR) ने 2008 अप्रेंटिस पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। खास बात यह है कि इस भर्ती में कोई लिखित परीक्षा नहीं होगी, बल्कि 10वीं और ITI के अंकों के आधार पर मेरिट तैयार कर उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा।
7 अक्टूबर से शुरू होंगे आवेदन
इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन 7 अक्टूबर 2026 से शुरू होंगे। इच्छुक उम्मीदवार 6 नवंबर 2026 रात 11:59 बजे तक आधिकारिक वेबसाइट rrcjaipur.in के जरिए आवेदन कर सकते हैं।
2008 पदों पर होगी भर्ती
भर्ती में अजमेर, बीकानेर, जयपुर और जोधपुर समेत रेलवे की अलग-अलग यूनिट में कुल 2008 अप्रेंटिस स्लॉट हैं। इनमें जयपुर मंडल में 580, बीकानेर में 524 और अजमेर में 500 स्लॉट शामिल हैं।
कौन कर सकता है आवेदन?
उम्मीदवार का मान्यता प्राप्त बोर्ड से कम से कम 50% अंकों के साथ 10वीं पास होना जरूरी है। साथ ही संबंधित ट्रेड में ITI/NTC प्रमाणपत्र होना चाहिए, जो NCVT या SCVT से मान्य हो।
आयु सीमा 15 से 24 वर्ष रखी गई है। उम्र की गणना 6 नवंबर 2026 के आधार पर होगी। आरक्षित वर्गों को नियमानुसार आयु में छूट मिलेगी।
इन ट्रेड में मौका
भर्ती में फिटर, इलेक्ट्रीशियन, डीजल मैकेनिक, वेल्डर, कारपेंटर, इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक और COPA समेत विभिन्न ट्रेड शामिल हैं। उम्मीदवार केवल एक यूनिट के लिए आवेदन कर सकता है।
₹100 आवेदन शुल्क
सामान्य पात्र उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 100 रुपये है। वहीं SC, ST, PwBD और महिला उम्मीदवारों को शुल्क से छूट दी गई है।
बिना परीक्षा ऐसे होगा चयन
इस भर्ती की सबसे खास बात है कि लिखित परीक्षा नहीं होगी। 10वीं और संबंधित ट्रेड की ITI में मिले अंकों का साधारण औसत निकालकर मेरिट तैयार की जाएगी। मेरिट में चयनित उम्मीदवारों को आगे डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल टेस्ट से गुजरना होगा।

